पहल पुलिस लाइन के प्रशिक्षण कक्ष में तकनीकी कार्यशाला, नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी।
9TV समाचार भारत UP बिहार MEDIA/
सोनू मांझी – जिला प्रभारी : जांजगीर चांपा,छत्तीसगढ़।
जिले में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को पुलिस लाइन जांजगीर के प्रशिक्षण कक्ष में तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इसमें ई-साक्ष्य, ई-समंस, आईओ मितान और नए कानूनों की जानकारी दी गई। कार्यशाला में जिले के 81 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कहा कि अब पुलिसिंग को डिजिटल दक्षताओं से जोड़ना जरूरी है। इससे न्यायसंगत, पारदर्शी और त्वरित सेवा सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम जैसे नए कानूनों को जमीनी स्तर पर कैसे लागू किया जाए, इस पर विस्तार से चर्चा की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित नए कानून देश की न्याय प्रणाली में ऐतिहासिक बदलाव लाए हैं।
इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों की सुरक्षा, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर सख्त सजा का प्रावधान है।
साथ ही पुलिस प्रक्रिया में तकनीकी नवाचार जोड़े गए हैं, जैसे घटना स्थल का निरीक्षण, तलाशी, जब्ती, बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग और केस की डिजिटल ट्रैकिंग।
प्रशिक्षण में जिले के सभी थानों और चौकियों से सीसीटीएनएस ऑपरेटर, कोर्ट आरक्षक, समंस-वारंट ड्यूटी वाले आरक्षक, विवेचक, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, एएसआई, प्रधान आरक्षक, आरक्षक और महिला आरक्षक शामिल हुए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार, डीएसपी जितेन्द्र खूंटे, डीएसपी कविता ठाकुर, एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, रक्षित निरीक्षक प्रदीप जोशी और सोनू अग्रवाल मौजूद रहे।
समंस को ऑनलाइन देंगे ई-समंस एप्लिकेशन के जरिए अब समस्त न्यायालयों से प्राप्त समंस को ऑनलाइन तामील किया जाएगा। इसके संचालन की प्रक्रिया का
प्रशिक्षण दिया गया। अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि इन प्रावधानों का पालन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
