भारतीय किसान यूनियन ने बी डी ओ रामकोला को ग्रामीण समस्याओं को लेकर दिया ज्ञापन
संवाददाता
फिरोज अंसारी अश्क 9 टीवी समाचार भारत UP बिहार MEDIA
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने ब्लॉक प्रभारी नागेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सोमवार को खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) रामकोला को विभिन्न ग्रामीण समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। किसानों ने क्षेत्र की कई ग्रामसभाओं में पेयजल, सड़क, विद्युत व मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्रामसभा कुसम्हा टोला दुबौली, परहुआछापर, भगवानपुर तथा पड़वलिया में प्राथमिक विद्यालयों पर लगे इंडिया मार्का हैंडपंपों के रिबोर व मरम्मत के लिए कई बार आवेदन दिया गया। यहां तक कि सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत 06 मई, 06 जून और 06 जुलाई 2025 को सूचना मांगी गई, लेकिन आज तक कोई जवाब नहीं मिला। कुछ हैंडपंप ग्राम प्रधान द्वारा बनवाए गए हैं, जो सही ढंग से कार्य नहीं कर रहे हैं। जिलाधिकारी को सूचना देने व 1076 पोर्टल पर शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
किसानों ने ग्रामसभा रामपुर खास स्थित शिव मंदिर के पास खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंप को ठीक कराने की भी मांग उठाई। वहीं ग्रामसभा बड़हरा बाबू के चौहान टोला में किसी भी विद्युत पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से ग्रामीणों को अंधेरे में आवागमन करना पड़ता है, जिस पर लाइट लगाने की मांग की गई।
इसके अलावा बड़हरा बाबू के चौहान टोला में मुख्य सड़क से अनिल कुशवाहा के घर तक चकरोट मार्ग पर मिट्टी कार्य व खड़ंजा निर्माण कराने की मांग की गई। भाकियू ने ब्लॉक क्षेत्र की सभी ग्रामसभाओं में आवास, पेंशन, शौचालय व खड़ंजा समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच कराकर पात्र लोगों को लाभ दिलाने की मांग भी रखी।
भाकियू पदाधिकारियों ने कहा कि उक्त समस्याओं का शीघ्र समाधान जनहित में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।इस अवसर पर शम्भू यादव,गुलाब कुशवाहा,रुदल प्रसाद,सुबाष कुशवाहा,अर्जुन कुशवाहा,कोमल मौर्य,राधेश्याम कुशवाहा,अविदा खातुन,कौशिल्या,नुरजहा खातून,सुमिला देवी,रामाश्रय कुशवाहा,विमला देवी,काशी शर्मा,मोतीचन्द आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी ( पंचायत)प्रदीप मल ने कहा कि विकास खंड से संबंधित मांगे एक माह के अंदर पूरी कर दी जाएगी।
9 टीवी समाचार भारत UP बिहार MEDIA
