रामकोला त्रिवेणी चीनी मिल ने मकर संक्रांति त्यौहार आने से पहले किसानों के खाते में बकाया गन्ना मूल भुगतान किया
फिरोज अंसारी अश्क 9 टीवी समाचार भारत UP बिहार MEDIA
त्रिवेणी चीनी मिल रामकोला द्वारा किसानों को गन्ना मूल्य का समयबद्ध भुगतान लगातार जारी है। मिल प्रबंधन ने 27 दिसंबर से 02 जनवरी तक खरीदे गए गन्ने का 16 करोड़ 32 लाख रुपये किसानों के बैंक खातों में सीधे अंतरित कर दिया है। जनपद में सबसे पहले पेराई प्रारंभ करने के साथ ही समय पर भुगतान कर मिल ने अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है।
प्रधान प्रबंधक श्री यशराज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि चालू पेराई सत्र में अब तक किसानों को कुल 120 करोड़ 32 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। वहीं, इस अवधि में 32 लाख 28 हजार कुंतल गन्ने की पेराई पूर्ण की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि मिल की प्राथमिकता किसानों के हितों की रक्षा करना है और भुगतान व्यवस्था को पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है।
प्रधान प्रबंधक ने किसानों से अपील की कि वे मिल को ताजा, स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त गन्ने की ही आपूर्ति करें, जिससे पेराई कार्य निर्बाध रूप से चलता रहे। उन्होंने यह भी कहा कि किसान अपनी पूरी गन्ना उपज चीनी मिल को ही दें, ताकि उनका बेसिक कोटा बढ़े और भविष्य में उन्हें अधिक आर्थिक लाभ मिल सके।
उन्होंने किसानों से यह आग्रह भी किया कि वे निर्धारित तौल सीमा का पालन करें, जिससे गन्ना उतारने में अनावश्यक विलंब न हो और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके।
इस अवसर पर कारखाना प्रबंधक श्री मानवेंद्र राय एवं गन्ना प्रबंधक श्री इन्द्र कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।
