तुर्कपट्टी पुलिस की बर्बरता पुलिस की पिटाई से युवक का पैर फैक्चर

 

तुर्कपट्टी। थानाक्षेत्र के रुदवलिया गांव में पुलिस पर दो भाइयों के साथ बर्बरता से पेश आने और घर की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है।

मामला सोमवार का है, जब पारिवारिक विवाद के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कथित रूप से दोनों पक्षों को बिना जांच-पड़ताल के लाठियों से पीटा।

पीड़ित दीपक मिश्र (30) ने एक प्रेसवार्ता में बताया कि उनके तीन भाइयों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद एक भाई के बेटे ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने बिना बात सुने कार्रवाई करते हुए उन्हें व उनके भाई को पीटना शुरू कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि थाने ले जाकर भी मारपीट जारी रही, जिससे एक भाई का पैर टूट गया और दूसरे की आंख में गंभीर चोट आई।

दीपक मिश्र ने कहा कि उस दिन परिवार में तिलक समारोह की तैयारी थी, लेकिन पुलिसिया कार्रवाई ने माहौल को मातम में बदल दिया।

उन्होंने बताया कि जब घर की महिलाएं युवकों को छुड़ाने पहुंचीं तो पुलिस ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया, जिससे वे घायल हो गईं।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़ित अपना पक्ष रखते दिखाई दे रहे हैं।

मामले में तुर्कपट्टी थाने के प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था और सभी को शांतिभंग की धारा में चालान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *